🔊
आस्था की अनदेखी अब नहीं चलेगी मजपीपल शिव मंदिर के निर्माण को लेकर कैप्टन रघुवीर सिंह ने जिलाधिकारी से की मुलाकात सड़क सौंदर्यीकरणसुविधाओं की बुलंद मांग सौंपा लिखित ज्ञापन
चम्पावत।
ग्राम पंचायत मजपीपल स्थित क्षेत्र की आस्था, श्रद्धा और पहचान मजपीपल शिव मंदिर के निर्माण एवं विकास को लेकर आज बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता कैप्टन रघुवीर सिंह ने जिलाधिकारी चम्पावत से मुलाकात कर प्रशासन को आईना दिखाने वाला ज्ञापन सौंपा।
कैप्टन रघुवीर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मजपीपल शिव मंदिर वर्षों से क्षेत्र की धार्मिक चेतना का केंद्र है, लेकिन आज भी यह मंदिर बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। मंदिर तक पहुँचने के लिए न तो पक्की सड़क है, न शौचालय, न विश्राम स्थल—जिससे श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और साधु-संतों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि मजपीपल शिव मंदिर के नाम से एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाए तथा लगभग 400 मीटर लंबा और 4 फीट चौड़ा पक्का मार्ग मंदिर तक बनाया जाए। साथ ही मंदिर परिसर में शौचालय, विश्राम स्थल एवं सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र कराया जाए।
कैप्टन रघुवीर सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस ऐतिहासिक मंदिर की सुध नहीं ली, तो यह न केवल आस्था की अवहेलना होगी बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन की संभावनाओं पर भी पानी फिर जाएगा। उन्होंने कहा कि मजपीपल शिव मंदिर का विकास होने से क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
जिलाधिकारी ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
अब क्षेत्र की जनता की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि मजपीपल शिव मंदिर को उसका हक और गौरव कब मिलेगा।