🔊
बाघधारा सड़क दुर्घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 10 लोगों का रेस्क्यू
चंपावत
टनकपुर–पिथौरागढ़ रोड पर बाघधारा सिगदा क्षेत्र में एक बुलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम से 112 वाहन, चौकी घाट व चौकी बाराकोट की टीम मौके पर भेजी गई। साथ ही थाना लोहाघाट, फायर स्टेशन लोहाघाट तथा SDRF यूनिट द्वारा गहरी खाई और घने जंगल के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन से 10 लोगों को रेस्क्यू कर मुख्य सड़क तक लाया गया और एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इस दुखद दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि 5 घायल व्यक्तियों का उपचार चल रहा है। सभी यात्री विवाह समारोह से लौट रहे थे।
नवयुवकों के बीच जागरूकता अभियान
AHTU पुलिस टीम ने शारदा बैराज बनबसा में नवयुवकों को मानव तस्करी, नशा मुक्ति, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, रोड सेफ्टी, उत्तराखण्ड पुलिस ऐप और नए कानूनों के बारे में जागरूक किया। टीम ने युवाओं से अपील की कि अपने आस–पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशे का व्यापार दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1930, 112, 1090 और 1098 की जानकारी दी गई।
टनकपुर में साइबर सुरक्षा व सोशल मीडिया अनुशासन पर सम्मेलन
क्षेत्राधिकारी टनकपुर एवं थानाध्यक्ष बनबसा ने सभ्रांत नागरिकों, यूनियन पदाधिकारियों, धार्मिक गुरुओं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में साइबर अपराध जागरूकता, सोशल मीडिया आचरण, फेक न्यूज रोकथाम, यातायात नियम और सामुदायिक पुलिस सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई।
पुलिस ने सभी से आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर प्रतिक्रिया न करें, अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करें और क्षेत्र में कानून–व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।