🔊
सीनियर सिटीजन से मुलाकात, समस्याओं की सुनवाई और VC मीटिंग में दिए गए दिशा-निर्देश
जनपद चंपावत में पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के दिशा-निर्देश पर आज विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सीनियर सिटीजन एवं एकल नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें नए कानूनों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कोतवाली चम्पावत पुलिस टीम ने ग्राम भरैवा एवं कनल में, जबकि थाना तामली पुलिस टीम ने ग्राम तरकुली में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की। इस दौरान उनकी निजी, पारिवारिक, स्वास्थ्य एवं सरकारी विभागों से संबंधित समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। सभी वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस सहायता नम्बर 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करने को कहा गया।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अभिसूचना इकाई अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
प्रमुख निर्देश
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर प्रभावी कार्यवाही।
गंभीर अपराधों से संबंधित अभियुक्तों की संपत्ति अधिग्रहण की प्रक्रिया नियमानुसार।
IIF-9 एवं IIF-10 फार्म में आवश्यक विवरण फीड कराना।
FIR निस्तारण प्रतिशत में वृद्धि एवं विवेचनाओं का समयबद्ध निपटारा।
थाना क्षेत्र में सीनियर सिटीजन से मिलकर कुशलक्षेम लेना व साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना।
ऑपरेशन क्लीन स्वीप के अंतर्गत निरंतर गश्त एवं चेकिंग।
होटल, ढाबा, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान।
अफवाह, भ्रामक सूचना एवं सोशल मीडिया पोस्टों पर कड़ी निगरानी।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती।
आकस्मिक स्थितियों के लिए पूर्व कार्य योजना और वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करना।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी/कर्मचारी अनुशासित रूप से आदेशों का पालन करते हुए हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।