🔊
हमारी संस्कृति वरिष्ठजनों और महिलाओं से जीवित और संरक्षित रहती है — गीता धामी
जनपद चम्पावत
बमनपुरी: वरिष्ठजनों, महिलाओं और ग्रामीण संस्कृति के सम्मान पर केंद्रित रहा सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन का संवाद कार्यक्रम
सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी ने शुक्रवार को बमनपुरी पहुँचकर वरिष्ठजनों, ग्रामीणों तथा कृष्ट आश्रम में रह रहे रोगियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्रामीण ताने-बाने, बुजुर्गों के सम्मान और उनकी देखभाल को समाज की वास्तविक शक्ति बताया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे ने श्रीमती धामी का स्वागत किया और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे सर्वांगीण विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान वैशाली राणा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि महिला मंगल दल की सदस्य श्रीमती राखी ने गाँव में कच्ची शराब बंद कराने, बाँध निर्माण तथा सड़क निर्माण को लेकर फाउंडेशन का धन्यवाद दिया।
श्रीमती धामी ने वरिष्ठ नागरिकों व ग्रामीणों से उनके स्वास्थ्य, आजीविका, आवश्यक सुविधाओं तथा स्थानीय समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने कहा कि “हमारी संस्कृति वृद्धजनों और महिलाओं के सम्मान से ही संरक्षित रहती है” और सभी ग्रामीणों से नशामुक्ति व पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की अपील की।
इसके बाद उन्होंने कृष्ट आश्रम का भ्रमण किया और वहाँ रह रहे श्री देव राम (85), श्री शंकर लाल (70), श्रीमती पार्वती देवी (61) समेत अन्य रोगियों से स्वास्थ्य व आवश्यकता संबंधी जानकारी ली। आश्रम प्रबंधक श्री बेंसन चौहान के साथ चर्चा कर उन्होंने आश्रम की छत की मरम्मत कराए जाने और रोगियों की नियमित चिकित्सकीय जाँच हेतु वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर श्रीमती धामी ने आश्रम के निवासियों को फल एवं आवश्यक सामग्री भी वितरित की।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, एपीडी विम्मी जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।