🔊
शासन-प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और बैठकों का आयोजन हुआ। विकास, सुरक्षा, जनसेवा और जनजागरूकता के व्यापक संकल्प के साथ जिले में पूरे दिन सक्रिय प्रशासनिक गतिविधियाँ जारी रहीं।
चंपावत में
स्पिरिचुअल इको-टूरिज़्म को गति
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की विशेष पहल स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन को मूर्त रूप देने के लिए सचिव पर्यटन श्री धीराज गर्ब्याल की अध्यक्षता में (वीसी के माध्यम से) बैठक आयोजित हुई। अंतरराष्ट्रीय कंसल्टेंसी मैकेंज़ी द्वारा तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान की समीक्षा की गई।
बैठक में गोल्ज्यू देवता, माँ वाराही धाम, अबॉट माउंट, राजबूँगा, विवेकानंद सर्किट आदि को जोड़कर एक समग्र हॉलिस्टिक स्पिरिचुअल टूरिज़्म करिडोर विकसित करने पर जोर दिया गया। श्यामलताल, कोलीढेक, डांडा ककनई और पंचेश्वर क्षेत्र में एंग्लिंग स्कूल व महाशीर संरक्षण को भी योजना में शामिल किया गया।
स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं का निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनबसा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनबसा व उपजिला चिकित्सालय टनकपुर का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, दवा उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं, शिक्षण व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
युवा खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ में दो दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन माय भारत चंपावत द्वारा किया गया, जिसमें युवा प्रतिभाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया। दौड़, लंबी कूद, खो-खो एवं रस्सा-कस्सी में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
आध्यात्मिक विरासत पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण
अद्वैत आश्रम मायावती में प्रो. डॉ. एस. देव की कृति रिमिनिसेंस : माय लैंड माय पीपल” का लोकार्पण आश्रमाध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज द्वारा किया गया। यह पुस्तक काली कुमाऊं की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है।
दो अलग-अलग मामलों में मजिस्ट्रियल जाँच प्रारंभ
जिला मजिस्ट्रेट श्री मनीष कुमार ने
1. रौसाल–डुंगराबोरा सड़क दुर्घटना (04 नवंबर)
2. 26 वर्षीय युवक की मृत्यु प्रकरण (12 जुलाई 2024)
की मजिस्ट्रियल जाँच के लिए उप जिलाधिकारी लोहाघाट को अधिकृत किया है।
दोनों मामलों से संबंधित जानकारी/साक्ष्य 18 नवंबर तक प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया है।
टेलीकॉम नेटवर्क सुदृढ़ीकरण पर निर्देश
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक हुई, जिसमें नेटवर्क समस्याओं की समीक्षा की गई। बीएसएनएल और अन्य कंपनियों को शैडो एरिया की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा लंबित सर्वे 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय बाल दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ में बाल अधिकार, बाल श्रम, बाल विवाह, शिक्षा व सुरक्षा संबंधी कानूनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मास्टर प्लान की समीक्षा बैठक
चंपावत नगर मास्टर प्लान की प्रगति पर हितधारक बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मास्टर प्लान Actual Land Trace आधारित हो, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप टिकाऊ और पारदर्शी विकास सुनिश्चित हो सके।
जनजातीय गौरव दिवस पर बहुद्देशीय शिविर
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर 15 नवंबर को खिरद्वारी में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभाग अपनी सेवाएँ एक ही स्थान पर प्रदान करेंगे।
राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन
यूएसडीएमए द्वारा 15 नवंबर को पूरे राज्य में 80 से अधिक स्थानों पर भूकंप तथा भूकंपजनित आपदा प्रबंधन हेतु पहली बार इतने बड़े स्तर पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।