🔊
पुलिस विभाग द्वारा आज विभिन्न स्तरों पर अनुशासन, सुरक्षा और जनजागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चंपावत में पुलिस लाइन चंपावत में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण पुलिस उपाधीक्षक श्री शिवराज सिंह राणा ने किया। उन्होंने जवानों की परेड का अवलोकन करते हुए बेहतर शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और जवाबदेही को बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएसपी राणा ने कहा कि पुलिस बल की कार्यकुशलता और सेवा भावना तभी मजबूत हो सकती है जब जवान मानसिक एवं शारीरिक रूप से पूरी तरह सशक्त हों।
इधर, पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देशन में जनपदभर में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और नए कानूनों के प्रति चल रहे जनजागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए थाना तामली पुलिस ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
थानाध्यक्ष उ0नि0 कैलाश चन्द्र जोशी ने गुरु गोरखनाथ मंदिर पहुंचे छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, महिला अपराधों से जुड़े प्रावधानों तथा अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के विषय में विस्तृत जानकारी दी। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से समाज में अपराध और नशे के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की, साथ ही 1930, 112, 1090 और 1098 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से चंपावत पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह मित्रता, सेवा और सुरक्षा के मूल सिद्धांतों पर समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।