🔊
उत्तराखंड राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष पर चम्पावत में विविध कार्यक्रमों की धूम
चंपावत
गौरलचौड़ मैदान बना आकर्षण का केंद्र शहीद सम्मान, स्वच्छता अभियान, चिकित्सा शिविर, बायर-सेलर मीट, पशु प्रदर्शनी, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों से गूंजा जनपद
चम्पावत, 09 नवम्बर 2025
उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती वर्ष) के अवसर पर जनपद चम्पावत में विभिन्न स्थानों पर भव्य व जनभागीदारी से परिपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्य निर्माण के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने “विकसित उत्तराखंड” के संकल्प को दोहराया।
गौरलचौड़ मैदान में मुख्य कार्यक्रम
मुख्य कार्यक्रम जनपद मुख्यालय के गौरलचौड़ मैदान में आयोजित हुआ। वृहद बहुउद्देशीय शिविर में राजस्व, कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, उद्योग, आयुर्वेद, ग्राम्य विकास, पर्यटन, बैंकिंग आदि विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए गए। शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, लाभ वितरण, मतदाता जागरूकता एवं नशा मुक्त भारत अभियान जैसे कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
किसान भूषण पुरस्कार’ से चार प्रगतिशील किसान सम्मानित
कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य पालन क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हेतु चार प्रगतिशील किसानों — श्री नवीन सिंह, श्री चंद्रशेखर तिवारी, श्री तिलक जोशी एवं श्री नारायण सिंह — को किसान भूषण पुरस्कार एवं ₹25,000/- की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
‘गुबारा क्लीनिक’ का शुभारम्भ
राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर जिला चिकित्सालय चम्पावत में गुबारा क्लीनिक (Glucose Upchaar evam Bal Aarogya Raksha Abhiyan) का शुभारम्भ किया गया। इस क्लीनिक का उद्देश्य टाइप-1 / बाल मधुमेह से ग्रसित बच्चों को नि:शुल्क इंसुलिन मॉनिटरिंग किट एवं परामर्श उपलब्ध कराना है।
आयुर्वेद विभाग का निःशुल्क चिकित्सा शिविर
गौरलचौड़ मैदान में आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 104 रोगियों का उपचार किया गया। पंचकर्म, कपिंग, जलौका व अग्निकर्म सेवाओं के प्रति लोगों में विशेष रुचि देखी गई।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में एसएसबी जवानों ने 14 यूनिट रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया।
पशुपालन विभाग की वृहद पशु प्रदर्शनी
जनपद स्तरीय पशु प्रदर्शनी में 60 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया। जयदत्त जोशी की गाय को चैंपियन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल सहित बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता कार्यक्रम
नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के लिए रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, चित्रकला, निबंध लेखन आदि प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
स्वच्छता में उत्कृष्ट योगदान हेतु श्री अमर सिंह, श्री उमेश उपाध्याय और श्री गिरीश बगौली को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
वीर शहीद शंकर दत्त राय स्मारक का अनावरण
लोहाघाट के रायनगर चौड़ी में शहीद शंकर दत्त राय की प्रतिमा व स्मारक का अनावरण विधायक श्री खुशाल सिंह अधिकारी द्वारा किया गया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शहीद की माता श्रीमती लक्ष्मी देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा कहा कि शहीदों के बलिदान से ही देश की अखंडता और स्वाभिमान सुरक्षित है।
ई-पेंशन प्रशिक्षण शिविर
कोषागार विभाग द्वारा ई-पेंशन स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु मुख्य शिक्षा अधिकारी सभागार में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें 20 से अधिक विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
10 नवम्बर को स्वच्छता, हस्तशिल्प व व्यापारिक कार्यक्रम
रजत जयंती उत्सव की श्रृंखला में 10 नवम्बर को स्वच्छता अभियान, हिमाद्री एंपोरियम में बायर-सेलर मीट तथा स्थानीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
जनता मिलन कार्यक्रम
10 नवम्बर को तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें आमजन अपनी शिकायतें सीधे रख सकेंगे।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा
रजत जयंती उत्सव हमारी उपलब्धियों और जनभागीदारी का प्रतीक है। जनपदवासियों की सक्रिय भागीदारी ही विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करेगी।