🔊
देवभूमि रजत उत्सव के तहत चम्पावत में विविध आयोजन आंदोलनकारियों का होगा सम्मान, निकली पोषण जागरूकता रैली
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर जनपद चम्पावत में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में “उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह” का आयोजन 8 नवम्बर 2025 (शनिवार) को प्रातः 11 बजे गौरलचौड़ मैदान ऑडिटोरियम, चम्पावत में किया जाएगा।
इस विशेष अवसर पर राज्य निर्माण में अहम योगदान देने वाले गौरवशाली आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से इस ऐतिहासिक अवसर में शामिल होकर आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करने की अपील की है।
रजत जयंती वर्ष के तहत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा चम्पावत में पोषण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली रोडवेज स्टेशन से प्रारम्भ होकर विकास भवन परिसर तक निकाली गई, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं, विभागीय कार्मिकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में संतुलित आहार, स्वच्छता, कुपोषण से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेशों से आमजन को जागरूक किया गया। श्रीमती पांडे ने कहा कि “कुपोषण मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक पोषण के प्रति जागरूक बने।”
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री पी.एस. बृजवाल ने बताया कि यह रैली विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान की श्रृंखला का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पोषण-संपन्न समाज का निर्माण करना है।
उधर, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वाला क्षेत्र का रात्रि निरीक्षण कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे मार्ग सुधार व चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूरा किया जाए तथा यातायात व्यवस्था हर समय सुचारु बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल निकासी प्रणाली को दुरुस्त करने और मार्ग समतलीकरण व साइड ड्रेनेज कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों सहित सभी वाहनों के निर्बाध आवागमन हेतु पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: