🔊
रजत जयंती समारोह में जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न — लोहाघाट की टीम विजेता
चम्पावत
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ के अवसर पर जिला खेल कार्यालय चम्पावत के तत्वावधान में स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में अंडर-17 बालक वर्ग की जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा ने विजेता लोहाघाट एवं उपविजेता बनबसा टीमों को पुरस्कृत किया।
फाइनल मुकाबले में लोहाघाट ने बनबसा को 4–3 से हराकर खिताब जीता। निर्णायक मंडल में रोहन बिष्ट और सौरभ बोहरा रहे। आयोजन में मुकेश शर्मा, ललित मोहन कुंवर, पवनेश पाटनी, रन बहादुर मल, नितिन ढेक, सूरज पांडे, आशा पांडे, मनोज टकवाल, हीरा, दीपक व राकेश का विशेष सहयोग रहा।
समान नागरिक संहिता के तहत शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने वाले ग्राम प्रधानों का सम्मान
71 वर्षीय सरस्वती देवी से 21 वर्षीय निशा महर तक—ग्राम प्रधानों ने UCC में शत-प्रतिशत पंजीकरण कर दिखाया नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण
रजत जयंती उत्सव के तहत जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा जनपद की 82 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को समान नागरिक संहिता (UCC) में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह जनभागीदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सम्मानित प्रधानों में 71 वर्षीय सरस्वती देवी (बराकोट) और 21 वर्षीय निशा महर (चम्पावत) जैसी महिला प्रधानों सहित रविन्द्र रावत (बकोड़ा) समेत अन्य प्रधान शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के छात्रों हेतु प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना जारी
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना लागू की गई है।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को शिक्षा में सहयोग देना है।
मुख्य बिंदु:
SC छात्रों के लिए आय सीमा ₹2.50 लाख।
डे-स्कॉलर: ₹3,500 वार्षिक, हॉस्टलर: ₹7,000 वार्षिक।
अस्वच्छ/खतरनाक व्यवसाय से जुड़े परिवारों के बच्चों हेतु कोई आय सीमा नहीं।
आवेदन हेतु आधार, बैंक खाता, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, अंकपत्र आदि आवश्यक होंगे।
विस्तृत जानकारी https://socialjustice.gov.in/schemes/23 पर उपलब्ध है।
रजत जयंती वर्ष पर 8 नवम्बर को टनकपुर में वृहद् रोजगार मेला
रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय टनकपुर परिसर में 8 नवम्बर को वृहद् रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि इसमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना इसका उद्देश्य है।
उन्होंने सभी विभागों को मेले के प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
रजत जयंती वर्ष पर तीन दिवसीय वृहद् पुस्तक मेला 07 से 09 नवम्बर तक
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि ज्ञान और साहित्य के प्रसार हेतु तीन दिवसीय पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा।
इसमें नेशनल बुक ट्रस्ट, साहित्य अकादमी, राजकमल, राजपाल प्रकाशन जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएँ भाग लेंगी।
कार्यक्रम अनुसूची:
07 नवम्बर: लोहाघाट एवं बाराकोट
08 नवम्बर: पाटी
09 नवम्बर: चम्पावत (गौरल चौड़ मैदान)
मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन संस्कृति और साहित्यिक चेतना को प्रोत्साहित करना है।
तहसील पाटी में 04 नवम्बर को जिला स्तरीय तहसील दिवस
जनसंपर्क सुदृढ़ करने व जनसमस्याओं के निस्तारण हेतु तहसील दिवस 04 नवम्बर को तहसील पाटी सभागार में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार करेंगे।
सभी नागरिकों से आवश्यक अभिलेखों सहित उपस्थित होने की अपील की गई है।
ग्राम प्रधानों से संवाद जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की गति तेज करने का आह्वान
जनहित में ठोस निर्णय लें, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बनाएं प्राथमिकता
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों के साथ संवादात्मक बैठक आयोजित हुई।
उन्होंने ग्राम प्रधानों से कहा कि योजनाओं की कोई सीमा नहीं, सही जानकारी व समन्वय से उत्कृष्ट परिणाम संभव हैं।
जिलाधिकारी ने नवाचार आधारित विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, ग्राम स्वराज पोर्टल का नियमित संचालन करने व नेटवर्क समस्या वाले ग्रामों को टेलीकॉम बैठक में शामिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, विमी जोशी, दिनेश सिंह दिगारी सहित अनेक ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
जनता मिलन में उठे 78 जनसमस्याओं पर त्वरित निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 78 जनसमस्याएँ प्राप्त हुईं।
इनमें पेयजल, सड़क, आधार, शिक्षा, आपदा एवं अन्य विभागीय विषय प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में ई-पेंशन शिविर डिजिटल प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा
रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत ई-पेंशन से संबंधित एकदिवसीय शिविर का आयोजन वरिष्ठ कोषाधिकारी सुश्री सीमा बंगवाल के निर्देशन व कोषाधिकारी श्री मयंक सक्सेना की अध्यक्षता में किया गया।
सहायक लेखाकार श्री मुकेश कुमार ने ई-पेंशन प्रक्रिया, शासनादेशों एवं प्रपत्रों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपकोषाधिकारी श्री मनोज जोशी, सहायक कोषाधिकारी श्री मनोज सिंह कुंवर, अनिल कुमार, विक्रम राणा, नितिन जोशी, मजहर हुसैन एवं अमन जोशी उपस्थित रहे।