🔊
बग्वाल मेले को लेकर सज-धज गया वाराही धाम, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
सम्पादक – PSR, उत्तरध्वनी
देवीधुरा।
रक्षाबंधन के अवसर पर होने वाली प्रसिद्ध बग्वाल को लेकर वाराही धाम पूरी तरह सजा-धजा है। देश-विदेश से श्रद्धालु मां वज्र वाराही के दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि प्रवासियों का आगमन लगातार जारी है। अनुमान है कि इस वर्ष एक लाख से अधिक श्रद्धालु मेले में शामिल होंगे।
पूर्व एसडीएम मनीष बिष्ट की पहल पर मंडी समिति के सचिव विश्व विजय सिंह देव ने मंदिरों को फूलों से सजाकर भव्य स्वरूप दिया है। श्री बिष्ट, मां वाराही के उपासक होने के नाते, यहां अपनी सेवा अवधि से ही मेले में नागरिक सुविधाओं के विस्तार में योगदान देते रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। यहां प्रत्येक व्यक्ति अपनी खाम से जुड़कर बग्वाल खेलने और आयोजन में सहयोग देना अपना धार्मिक व नैतिक कर्तव्य मानता है। मेले के रंगमंच पर देशभर से आए कलाकारों का सांस्कृतिक प्रदर्शन दर्शकों को देर तक बांधे रख रहा है।
व्यवस्थाओं की समीक्षा
एसडीएम नितेश डांगर ने आज मेला कमेटी व अन्य संबंधित लोगों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, भारी वर्षा से तैयारियों में दिक्कतें आ रही हैं। मंदिर कमेटी के दीपक चमियाल, चंदन सिंह बिष्ट, रौशन लमगड़िया, बिशन सिंह और हयात सिंह बिष्ट ने बताया कि मौसम अनुकूल रहा तो श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से पार जा सकती है। सभी संवेदनशील सड़क मार्गों पर जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल के अनुसार यातायात सुचारू रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा चुके हैं।
तीर्थ यात्रियों को सुविधा, सुरक्षा और सम्मान दें" – जिलाधिकारी
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मेले से जुड़े सभी लोगों को निर्देश दिए हैं कि बग्वाल मेला, चंपावत जिले की देशभर में विशिष्ट पहचान है। यहां आने वाले हर श्रद्धालु की रक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करते हुए उनका स्वागत मेहमान की तरह किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां से लौटने वाला हर श्रद्धालु हमारे क्षेत्र का "ब्रांड एंबेसडर" बन सकता है और दूसरों को यहां आने के लिए प्रेरित करेगा।
फोटो : वाराही धाम में सजावट और श्रद्धालुओं की भीड़।