🔊
चंपावत में किसानों को आजीविका बढ़ाने हेतु वितरित किए गए 2500 तेजपात के पौधेऔषधीय खेती को प्रोत्साहित करने की भेषज विभाग की पहल
उतर ध्वनि न्यूज़ – पीएसआर
चंपावत।
जनपद चंपावत में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भेषज विभाग लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में, किसानों को औषधीय खेती से जोड़ने के लिए तेजपात के पौधों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।
प्रभारी जिला भेषज समन्वयक श्री देव सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा जनपद के दूरदराज़ क्षेत्रों में जाकर स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय किसानों को औषधीय पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ औषधीय फसलों की ओर भी आकर्षित हों।
इसी क्रम में, ग्राम शक्तिपुरबूँगा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 79 किसानों को कुल 2500 तेजपात के पौधे भेषज विकास इकाई, चंपावत द्वारा निःशुल्क वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला भेषज सहकारी संघ, चंपावत के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण व किसान मौजूद रहे। इस दौरान किसानों को तेजपात की खेती के फायदे, देखभाल की विधियाँ और संभावित विपणन अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई।
श्री देव सिंह ने बताया कि यह पहल जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में संचालित हो रही है, जिसमें जिले में जैविक और औषधीय खेती को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तेजपात जैसे औषधीय पौधों की खेती से किसानों को स्थायी आय का नया स्रोत मिलेगा, जिससे उनका जीवनस्तर बेहतर होगा और बाजार की बढ़ती मांग के अनुसार उन्हें उचित मूल्य भी प्राप्त होगा।