🔊
समूह की शक्ति से आत्मविश्वास की उड़ान हेमा ढेक ने पशुपालन से पाई आर्थिक मजबूती, महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
लोहाघाट। विकासखंड लोहाघाट के ग्राम चौड़ा ढेक निवासी हेमा ढेक ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत गठित गंगनाथ स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई है।
बैठक के दौरान हेमा ढेक ने पशुपालन शुरू करने का प्रस्ताव रखा, जिसे दीन दयाल उपाध्याय योजना का सहारा मिला। योजना के अंतर्गत 1.60 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर उन्होंने डेयरी व्यवसाय की शुरुआत की। वर्तमान में वह प्रतिदिन 8 से 10 लीटर दूध बेच रही हैं और महीने में 10 से 12 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
हेमा ढेक का कहना है जब से मैं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी हूँ, तब से मुझमें आत्मविश्वास की बढ़ोतरी हुई है। अब इस आत्मविश्वास को और मजबूत बनाकर रोजगार को और आगे बढ़ाना चाहती हूँ।
उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि महिलाएँ सही मार्गदर्शन और सहयोग के साथ कदम बढ़ाएँ, तो वे न केवल परिवार की मजबूती बन सकती हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।