🔊
एक ही मंच पर योजनाएँ, स्वास्थ्य, खेल और शिकायत निस्तारण चम्पावत बना मिसाल शिविर, तहसील दिवस, स्वच्छता पखवाड़ा और फिटनेस रेस से दिखी नई तस्वीर
चम्पावत। जनपद चम्पावत ने मंगलवार को जनसेवा और जनभागीदारी की अनूठी मिसाल पेश की। गौरलचौड़ मैदान में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर और तहसील दिवस में हजारों लोग विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने पहुँचे। शिविर में स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, आधार पंजीकरण, कृषि-उद्यान व पशुपालन सेवाएँ, महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी और रक्तदान शिविर जैसी गतिविधियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं।
तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मौके पर ही निस्तारण कराया। लोगों ने कहा कि एक ही मंच पर योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिलना बेहद सुविधाजनक रहा।
इधर, लोहाघाट और टनकपुर में भी तहसील दिवस आयोजित हुए, जिनमें ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना गया और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
नशा मुक्ति अभियान के तहत चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर में फिटनेस रेस का आयोजन हुआ। सैकड़ों प्रतिभागियों ने दौड़ लगाकर नशा मुक्त समाज और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
स्वच्छता पखवाड़े के तहत पूरे जिले में झाड़ी कटान और सफाई अभियान भी चलाया गया। चम्पावत-खेतीखान और श्यामलाताल मार्ग समेत विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे सफाई व झाड़ियाँ हटाई गईं। पाटी ब्लॉक में छात्रों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शिविर और अभियान का उद्देश्य लोगों तक योजनाओं को सरलता से पहुँचाना और स्वच्छ, स्वस्थ, नशा मुक्त समाज की ओर कदम बढ़ाना है। उन्होंने आमजन से 17 सितम्बर को फिर से आयोजित होने वाले बहुउद्देश्यीय शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील की।