🔊
जिलेभर में सीएम धामी का जन्मदिवस उत्सव, लोहाघाट पुलिस की सख्ती से सड़कें हुईं चौड़ी
चंपावत। सोमवार को जिले में दो तस्वीरें खास रहीं—एक ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 50वें जन्मदिवस पर जिलेभर में उत्सव, रुद्राभिषेक, मैराथन दौड़, केक काटने, गरीबों को राहत कोष चेक व किसानों को किट वितरण जैसे कार्यक्रम हुए। वहीं दूसरी ओर लोहाघाट पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कड़ी कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था सुधारने की शुरुआत की।
देवीधुरा संस्कृत महाविद्यालय में रुद्राभिषेक कर सीएम की दीर्घायु कामना की गई। चंपावत में युवक-युवतियों ने मैराथन दौड़ लगाई। गौरलचौड़ मैदान में दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडे और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने 92 से अधिक किसानों को किटें बांटीं। गरीबों को राहत कोष से मदद, दिव्यांग को साइकिल व रोगियों को फल वितरित किए गए। विशेष क्षण तब बना जब जिलाधिकारी ने एक वृद्धा फरियादी को पास बैठाकर उनकी समस्या सुनी और मौके पर निस्तारण भी किया।
इधर, लोहाघाट में व्यापारियों के साथ हुई बैठक के बाद पुलिस ने सोमवार को नो पार्किंग जोन व सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्टेशन बाजार, डाक बंगला रोड, डिग्री कॉलेज रोड, नैनीताल बैंक रोड, गांधी चौराहा, मीना बाजार और अस्पताल रोड पर अभियान चलाया। मंगलवार से नियम न मानने वालों पर चालान होगा। स्कूल समय में नगर में वन-वे ट्रैफिक भी लागू रहेगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिले का समग्र विकास तेजी से हो रहा है और किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। वहीं पुलिस की सख्ती से नगर में यातायात व्यवस्था सुधरने लगी है।