🔊
आपदा पीड़ितों की सुध लेने थराली पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य
चमोली
थराली। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य सोमवार को आपदा प्रभावितों की पीड़ा जानने थराली पहुंचे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां हुए नुकसान का जायजा लिया और आपदा पीड़ितों से मिलकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की।
आर्य के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, तथा बागेश्वर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष ने थराली बाजार, केदारबगड़, राडीबगड़ व चेपडियों बाजार का निरीक्षण कर वहां हुए नुकसान को गंभीर बताया। चेपडियों के दुकानदारों ने बताया कि इस आपदा ने उनका व्यवसाय पूरी तरह चौपट कर दिया है। सरकार से उन्हें अब तक कोई फौरी मदद या मुआवजा नहीं मिला है। सबसे बड़ी समस्या उनके सामने आजीविका की है क्योंकि दुकानों के नष्ट हो जाने से उनके पास गुजर-बसर का कोई साधन शेष नहीं रहा।
इस पर यशपाल आर्य ने आश्वासन दिया कि वे इस विषय को मुख्यमंत्री के सामने मजबूती से उठाएंगे ताकि सभी प्रभावित परिवारों को उनके नुकसान के अनुरूप क्षतिपूर्ति मिल सके।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में थराली, पार्था, सगवाड़ा, गोठिंडा, डुगाखोली और जूनीधार गांवों के लगभग 600 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, उप जिला अधिकारी सोहन सिंह रागड़, तहसीलदार अक्षय पंकज, राजस्व उपनिरीक्षक रॉबर्ट सिद्दीकी, पूर्व प्रमुख सुशील रावत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विनोद रावत समेत अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी दौरान सगवाड़ा गांव के रविंद्र बिष्ट ने नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया।