🔊
एनएच-09 पर ट्रैफिक प्लान लागू : रात को बंद रहेगा मार्ग, भारी वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित
चंपावत
लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने चंपावत–टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-09) पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सुरक्षा कारणों से वाहनों की आवाजाही अब निर्धारित समय पर ही होगी।
चंपावत से टनकपुर जाने वाले छोटे और बड़े वाहन सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक ही बनलेख से आगे जा सकेंगे। इसी प्रकार टनकपुर से चंपावत आने वाले केवल छोटे वाहन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ही ककराली गेट से प्रवेश कर पाएंगे। निर्धारित समय के बाद दोनों ही मार्गों पर यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 16 टन से अधिक क्षमता वाले भारी वाहन NH-09 पर नहीं चल सकेंगे।
अन्य मार्गों की स्थिति
ककराली गेट ठुलीगाड़–भैरव मंदिर मार्ग : बंद
टनकपुर जौलजीबी मार्ग : बंद
गल्ला गाँव देवली माफी ग्रामीण मार्ग : बंद
अन्य राष्ट्रीय और ग्रामीण मार्ग सामान्य यातायात हेतु खुले हैं।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, अति आवश्यक होने पर ही सफर करें और प्रस्थान से पूर्व मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। साथ ही बारिश व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
यह ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह मौसम व सड़क की स्थिति पर निर्भर करेगी। स्थिति बिगड़ने पर नया अपडेट जारी किया जाएगा।