🔊
शैक्षणिक मांगों को लेकर छात्रों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन, मानव श्रृंखला बनाकर दी चेतावनी
चंपावत पाटी ब्लाक
देवीधुरा। राजकीय आदर्श महाविद्यालय, देवीधुरा में शनिवार को छात्रों ने अपनी लंबित शैक्षणिक मांगों को लेकर अनोखा एवं प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि से शासन-प्रशासन की नजर उतारने की रस्म के साथ हुई, जिसे छात्रों ने केवल परंपरा नहीं बल्कि शिक्षा संघर्ष को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने का प्रतीकात्मक संदेश बताया।
इसके बाद कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का परिचय दिया। छात्रों का कहना था कि यह मानव श्रृंखला उनके अटल संकल्प और शांतिपूर्ण संघर्ष का प्रतीक है।
आंदोलन का नेतृत्व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट और पूर्व जिला संयोजक सुदीप चम्याल कर रहे हैं। छात्र नेताओं ने कहा—
“हमारी मांगें सिर्फ कॉलेज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र के शिक्षा भविष्य से जुड़ी हैं। समाधान मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा और शिक्षा का यह आंदोलन पूरे क्षेत्र को जागृत करने का माध्यम बनेगा।”
फोटो कैप्शन: प्रतिकारात्मक प्रदर्शन करते देवीधुरा आदर्श महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं।