🔊
हौसले को सलाम: दिव्यांग हिम्मत को राष्ट्रीय गौरव सम्मान, सेना का 41 सदस्यीय दल नंदा देवी ईस्ट अभियान पर निकला
चंपावत देवीधुरा।
हौसले और जज़्बे की दो अनोखी कहानियां आज जनपद में चर्चा का विषय बनीं। एक ओर जहां रिखोली निवासी दिव्यांग हिम्मत को समाज सेवा के लिए राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर भारतीय सेना का 41 सदस्यीय दल इन्फेंट्री एवरेस्ट मैसिव अभियान-2026 की तैयारियों हेतु चंपावत से 7434 मीटर ऊँची नंदा देवी ईस्ट चोटी को फतह करने रवाना हुआ।
बाएं पैर से दिव्यांग होने के बावजूद हिम्मत ने हार न मानते हुए वाराहीधाम में कंप्यूटर कोचिंग सेंटर और दिव्यांग सेवा केंद्र संचालित कर अनेक युवाओं और दिव्यांग साथियों को आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। उनकी इस विशेष समाजसेवा को देखते हुए वाई.ए.एस.एस. इंडिया ने उन्हें राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से नवाजा। संस्था के प्रिसिडेंट डायरेक्टर कमल चौधरी और कम्युनिटी डायरेक्टर सी.के. सक्सेना ने दिल्ली से ऑनलाइन जोड़कर उन्हें सम्मानित किया।
वहीं चंपावत पहुँचे भारतीय सेना के 41 सदस्यीय दल का विधायक प्रतिनिधि एवं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश तिवारी सहित स्थानीय लोगों ने भावपूर्ण स्वागत किया। लेफ्टिनेंट कर्नल जे.पी. कुमार के नेतृत्व में दल को नई दिल्ली से वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ पुष्पेंद्र सिंह पहले ही फ्लैग ऑफ कर चुके हैं। स्थानीय स्तर पर रियल एक्सप्लोरर एंड एडवेंचर लवर्स सोसाइटी के अध्यक्ष आशीष जोशी इस अभियान को लॉजिस्टिक और टेक्निकल सहयोग दे रहे हैं।
विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने दल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां पूर्णागिरि, गोल्जू देवता, गुरु गोरखनाथ, मां हिंगलादेवी, मानेश्वर धाम, मां बाराही धाम, गुरु नानक देव और स्वामी विवेकानंद जी की तपोभूमि का आशीर्वाद इस साहसिक अभियान को सफल बनाएगा।