🔊
चंपावत में नशा मुक्त अभियान, होम-स्टे योजना में प्राथमिकता, राजस्व वसूली समीक्षा और पुलिस निरीक्षण जिलाधिकारी व पुलिस प्रशासन की बड़ी पहलें
जनपद चंपावत में प्रशासन और पुलिस द्वारा आज कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयाँ एवं बैठकों का आयोजन किया गया।
नशा मुक्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों पर राजस्व विभाग की टीम ने ढेरनाथ पटवारी क्षेत्र के ग्राम बूँगा फर्त्याल एवं डूंगरी फर्त्याल में विशेष अभियान चलाकर लगभग 20 नाली भूमि पर बोई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट किया। ग्रामीणों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की खेती पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
होम-स्टे योजना में आपदा प्रभावितों व अग्निवीरों को प्राथमिकता
दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना के अंतर्गत अब आपदा प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों एवं भारतीय सेना में कार्य कर चुके अग्निवीरों को 10-10 प्रतिशत प्राथमिकता लाभ प्रदान किया जाएगा। जनपद चंपावत के लिए योजना के अंतर्गत कुल 14 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। पात्र आवेदकों को 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 15 लाख रुपये तक का अनुदान मिलेगा।
राजस्व एवं विभागीय कार्यों की मासिक समीक्षा
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई मासिक समीक्षा बैठक में भू-राजस्व वसूली, लंबित प्रकरणों, न्यायालयीन वादों एवं शस्त्र नवीनीकरण पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व वादों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा तहसील स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएं।
कोतवाली चंपावत का आकस्मिक निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के आदेशानुसार क्षेत्राधिकारी श्री शिवराज सिंह राणा ने कोतवाली चंपावत का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय अभिलेखों, बैरक, मैस एवं आवास परिसर की जांच की गई। सभी अधिकारियोंकर्मचारियों को लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों, वारंट-समन की तामील एवं साइबर क्राइम जागरूकता जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।