🔊
आपदा की मार पीएम मोदी का हवाई सर्वे रद्द, जौलीग्रांट में सीएम से ली जानकारी शाम को आपदा प्रभावितों से करेंगे मुलाकात थराली में छह माह तक ऋण वसूली स्थगित करने की मांग तेज
देहरादून/थराली। उत्तराखंड में आपदा का दर्द गहराता जा रहा है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी और पौड़ी जिलों का हवाई सर्वेक्षण करना था, लेकिन खराब मौसम के चलते यह कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। पीएम मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और नुकसान का ब्यौरा दिया।
प्रधानमंत्री मोदी अब शाम साढ़े पांच बजे जौलीग्रांट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
इधर, आपदा प्रभावित चमोली जिले के थराली, देवाल और नारायणबगड़ क्षेत्र में तबाही के बाद प्रभावित व्यापारियों और वाहन स्वामियों ने सरकार से छह माह तक ऋण वसूली स्थगित करने की मांग उठाई है। राज्य आंदोलनकारी भूपाल सिंह गुसाई ने तहसीलदार अक्षय पंकज के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि चोलामंडल फाइनेंस, टाटा मोटर्स फाइनेंस, पीएनबी, एसबीआई और सहकारी बैंकों से ऋण लेने वाले लोग आपदा के बाद भारी संकट झेल रहे हैं। उनसे फिलहाल मासिक किस्त और ब्याज वसूला न जाए तथा एक साल का ब्याज माफ किया जाए।
साथ ही मांग की गई है कि ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त पुस्तों का निर्माण मनरेगा में कराया जाए और नष्ट हुई कृषि भूमि का सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए।
ज्ञापन पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एडवोकेट हरेंद्र सिंह नेगी, एडवोकेट जय राम, नंदा देवी मंदिर समिति देवराडा के अध्यक्ष भुवन हटवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य भावना रावत, एडवोकेट वीरेंद्र सिंह नेगी, महिपाल सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मोहन राम आर्य और महावीर राम सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं।