🔊
पीजी कॉलेज लोहाघाट में कबड्डी प्रतियोगिता शुरू, चार टीमें पहुँची सेमीफाइनल में
लोहाघाट। राजकीय पीजी कॉलेज लोहाघाट में सोमवार को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा की ओर से दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने किया। प्रतियोगिता में आठ महाविद्यालयों के 80 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन खेले गए मैचों में भिकियासैंण, अल्मोड़ा, खटीमा और मेजबान लोहाघाट महाविद्यालय ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
जल संरक्षण पर जिलाधिकारी सख्त, हर सरकारी कार्यालय में होगा बरसाती जल संग्रह
चंपावत। "सारा" की बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि यदि आज जल संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में लोग बूंद-बूंद पानी को तरसेंगे। उन्होंने बताया कि आजादी के समय प्रति व्यक्ति 6000 लीटर जल उपलब्ध था, जो वर्तमान में घटकर 1600 घन मीटर ही रह गया है। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने और नदियों व गाड़-गधेरों को स्वच्छ रखने की अपील की।
स्वाला डेंजर जोन का टीएचडीसी विशेषज्ञों ने लिया जायजा, बुधवार से बड़े वाहनों की आवाजाही संभव
चंपावत। स्वाला डेंजर जोन में फिलहाल छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है। सोमवार को टीएचडीसी के तकनीकी दल ने स्थल का निरीक्षण कर फोटोग्राफी की। विशेषज्ञों ने बताया कि ऊपर से लगातार गाद व पानी आने से सड़क धंस रही है, जिस पर रोक लगाना आवश्यक है। रातभर जेसीबी से कार्य जारी है और यदि मौसम अनुकूल रहा तो बुधवार से बड़े वाहनों की आवाजाही संभव हो सकती है।
देवभूमि महिला सहकारिता खलकडिया की नई कार्यकारिणी गठित, लक्ष्मी खर्कवाल बनी अध्यक्ष
चंपावत। विकास खंड के अंतर्गत खलकडिया में देवभूमि महिला स्वायत्त सहकारिता की प्रथम वार्षिक आम सभा आयोजित हुई। आम सभा में 196 शेयरधारकों ने भाग लिया। नवगठित संचालक मंडल में लक्ष्मी खर्कवाल को अध्यक्ष, शोभा तड़ागी को कोषाध्यक्ष और मीनाक्षी जोशी को सचिव चुना गया। ग्राम प्रधान प्रकाश खर्कवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।