🔊
स्वाला डेंजर जोन में लगातार सुधार, ट्रायल पर निकले बड़े वाहन
चंपावत। स्वाला डेंजर जोन की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। सोमवार को जहाँ दिनभर छोटे वाहन सुरक्षित रूप से गुजरते रहे, वहीं शाम लगभग 6 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले बड़े वाहनों को भी ट्रायल पर सफलतापूर्वक निकाला गया। इससे लंबे समय से जाम और असुविधा झेल रहे वाहन चालकों व आम जनता को राहत मिली है।
जिलाधिकारी और अभियंता की सक्रियता से संभव हुआ सुधार
इस सुधार के पीछे जिलाधिकारी मनीष कुमार की लगातार निगरानी और सख्त मॉनिटरिंग का बड़ा योगदान है। आपदा काल से ही जिलाधिकारी स्वयं मौके पर जाकर कार्य की गति बढ़ाने और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश देते आ रहे हैं। उनके "क्विक एक्शन" और संवेदनशील नेतृत्व से ही स्थानीय जनता और वाहन चालकों का विश्वास तंत्र पर और मज़बूत हुआ है।
वहीं अधिशासी अभियंता दीपक जोशी और उनकी टीम ने दिन-रात मेहनत कर सड़क को सुचारु करने की दिशा में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि स्थिति लगातार सुधर रही है और यदि मौसम सामान्य रहा तो बहुत जल्द छोटे और बड़े दोनों प्रकार के वाहनों को नियमित रूप से आवाजाही की सुविधा मिलने लगेगी।
बरसात पर होगी अंतिम परीक्षा
अभी बैक कटिंग के बाद स्थिति संतोषजनक है। अभियंता जोशी के अनुसार, अब बरसात होने पर सड़क की वास्तविक मजबूती और जोखिम की स्थिति का आकलन किया जाएगा। यदि मार्ग सुरक्षित रहा तो स्वाला डेंजर जोन की समस्या से लोगों को स्थायी राहत मिल सकेगी।
फोटो कैप्शन – स्वाला डेंजर जोन से गुजरते बड़े वाहन।