🔊
थराली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का अंतरमंत्रालयीय टीम ने किया हवाई व स्थलीय सर्वेक्षण
चमोली थराली। आपदा से हुई क्षति का आकलन करने के उद्देश्य से भारत सरकार की अंतरमंत्रालयीय केंद्रीय टीम सोमवार को थराली क्षेत्र के दौरे पर पहुँची। टीम का नेतृत्व निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने किया। टीम में अनु सचिव शेर बहादुर, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार सहित विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
टीम ने थराली के चेपड़ो, कोटदीप, राडीबगड़, देवाल के मोपाटा और नंदानगर क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद सड़क मार्ग से भी क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण कर आपदा से प्रभावित हालात का जायज़ा लिया।
जिलाधिकारी ने दी विस्तृत जानकारी
कुलसारी रिलीफ सेंटर में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने पीपीटी के माध्यम से आपदा से हुई विभागवार परिसंपत्तियों की क्षति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारी वर्षा और भूस्खलन से सड़कों, पुलों, भवनों, पेयजल योजनाओं, विद्युत तंत्र और कृषि को गंभीर नुकसान हुआ है। अब तक लगभग 1150 करोड़ रुपए की क्षति का आकलन किया गया है।
जिलाधिकारी ने चेपड़ो बाजार और अन्य आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में हो रहे भूस्खलन, ज्योतिर्मठ ब्लॉक के पल्ला गाँव और नंदानगर क्षेत्र में लगातार सक्रिय भू-धसाव की स्थिति से भी टीम को अवगत कराया।
प्रभावितों से की मुलाकात
टीम ने प्रभावित स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं। पाया गया कि कई गाँवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कटा हुआ है, कई मकान क्षतिग्रस्त हैं और कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करना पड़ा है।
टीम ने की सराहना
टीम ने राहत और बचाव कार्यों में स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ व अन्य एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। साथ ही पुनर्वास कार्यों, सहायता वितरण, चिकित्सा सुविधाओं, अस्थायी आश्रयों और सड़क मार्ग खोलने के प्रयासों की भी जानकारी ली।
निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि टीम का उद्देश्य आपदा से हुई वास्तविक क्षति का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट भारत सरकार को भेजना है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण, पुनर्वास और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों की योजना शीघ्र तैयार की जा सके।
मौजूद रहे जनप्रतिनिधि व अधिकारी
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम सोहन सिंह रांगण एवं पंकज भट्ट, जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, खाद्यान्न निरीक्षक थराली संजय कुमार सहित सभी विभागीय अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।