🔊
आपदा प्रभावितों के बीच पहुँचे पूर्व विधायक डॉ. जीतराम, सरकार से उचित राहत पैकेज व थराली को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने की उठाई माँग
केशर सिंह नेगी चमोली थराली।
थराली विधानसभा में लगातार आपदाओं से बेहाल जनजीवन को लेकर शुक्रवार को पूर्व विधायक डॉ. जीतराम आपदा राहत शिविर राजकीय पॉलिटेक्निक कुलसारी पहुँचे। यहाँ उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों का हाल जाना और शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं।
डॉ. जीतराम ने कहा कि थराली, देवाल, नारायणबगड़ और नंदानगर घाट के सैकड़ों परिवार भयंकर आपदा की चपेट में हैं। कई घर पूरी तरह जमींदोज हो चुके हैं, कई परिवार बेघर होकर राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और लोगों का काम-धंधा पूरी तरह ठप पड़ा है।
उन्होंने साफ कहा कि सरकार को तत्काल उचित राहत पैकेज घोषित करना चाहिए, ताकि प्रभावित लोग फिर से अपने पैरों पर खड़े हो सकें। मकानों के क्षतिग्रस्त होने, दरारें आने और परिजनों को खोने वाले परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उन्होंने जोरशोर से उठाई।
पूर्व विधायक ने सोल और कुराड़-पार्था क्षेत्र में बने खाद्यान्न संकट पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आपदा के कारण सड़कों के बाधित होने से आवश्यक वस्तुओं की भारी किल्लत है। सरकार को तत्काल खाद्यान्न और जरूरी सामान प्रभावित गाँवों तक पहुँचाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि थराली विधानसभा को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) क्षेत्र घोषित किया जाए, ताकि यहाँ के लोगों को दीर्घकालिक राहत व पुनर्वास योजनाओं का लाभ मिल सके।
डॉ. जीतराम ने कहा कि यदि सरकार समय रहते ठोस कदम नहीं उठाती तो आपदा प्रभावित परिवारों की हालत और भी बदतर हो जाएगी। उन्होंने चेताया कि आपदा से जूझ रहे लोगों को केवल आश्वासनों से नहीं बल्कि ठोस मुआवजा, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं से राहत दी जा सकती है।