🔊
चम्पावत प्रशासनिक बुलेटिन
जनपद चंपावत
1. भारी वर्षा से बाधित यातायात मार्गों पर जिलाधिकारी की सतत मॉनिटरिंग
भारी वर्षा के कारण अवरुद्ध मार्गों को सुचारु कराने हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार लगातार स्थल निरीक्षण कर स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आज उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर धौन बस्टिया पहुँचकर कार्यों का जायज़ा लिया और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देशित किया कि सड़क शीघ्र खोली जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि मार्ग पूर्ण रूप से सुचारु होने तक जेसीबी और अन्य संसाधन निरंतर कार्यरत रहें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग दीपक जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
2. मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना पर सख़्त निगरानी
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना के तहत उपलब्ध कराए जा रहे नमक की गुणवत्ता जाँच हेतु जिलाधिकारी के आदेश पर समिति का गठन किया गया है। समिति में जिला पूर्ति अधिकारी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी को शामिल किया गया है। यह समिति प्रत्येक विकासखण्ड से न्यूनतम पाँच नमक के नमूने एकत्र करेगी और अधिकृत प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजेगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि पात्र उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे नमक की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
3. खेल सुविधाओं की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त – छमनिया स्टेडियम की जांच
सोशल मीडिया पर पूर्व सैनिक मयंक ओली द्वारा लोहाघाट स्थित छमनिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए गए सवालों के बाद जिलाधिकारी के आदेशानुसार जांच समिति गठित की गई है। समिति में उपजिलाधिकारी लोहाघाट, अधिशासी अभियन्ता (नि०ख०) लोक निर्माण विभाग, कोषाधिकारी चम्पावत एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी शामिल हैं। समिति को निर्देश दिया गया है कि तीन दिवस के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर मानकानुसार विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खेल सुविधाओं के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यदि लापरवाही पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।