🔊
आज भी नहीं खुल पाया चंपावत टनकपुर राजमार्ग सीमांत क्षेत्र की लाइफ लाइन 120 घंटे से ठप
चंपावत। जनपद की जीवनरेखा माने जाने वाला चंपावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग आज पांचवें दिन भी पूरी तरह से बंद रहा। स्वाला डेंजर जोन में लगातार मलबा गिरने से मशीनों की सारी मेहनत बेकार साबित हो रही है। जितना मलबा हटाया जा रहा है, उतना ही ऊपर से फिर से आकर सड़क पर जमा हो जा रहा है।
बुधवार शाम को यहां मलबे की चपेट में आई पोकलैंड मशीन को आज बमुश्किल बाहर निकाला गया। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता दीपक जोशी मौके पर ही डटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही मलबा स्थिर होगा, नीचे से हटाने का कार्य तेज कर दिया जाएगा। इसके लिए रातभर भी मशीनें चलेंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि मौसम ने साथ दिया तो कल सुबह तक सामान्य यातायात बहाल हो सकता है।
इस बीच जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी आज मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क को हर हाल में शीघ्रातिशीघ्र यातायात योग्य बनाया जाए।
फोटो: स्वाला डेंजर जोन में सड़क से मलबा हटाने में जुटी पोकलैंड मशीनें