🔊
नुकसान का चिन्हांकन कर तुरंत राहत राशि वितरित करें जिलाधिकारी
चम्पावत। जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में आपदा प्रबंधन से सम्बन्धित समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जनपद में आपदा की वर्तमान स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, हुए नुकसान का आकलन तथा प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता पहुँचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि
प्रशासनिक तैयारियों को और सुदृढ़ बनाया जाए।
प्रभावित परिवारों तक राहत तत्काल व पारदर्शी तरीके से पहुँचे।
राजस्व विभाग ग्राम स्तर तक जाकर प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण सुनिश्चित करे।
क्षतिग्रस्त मकान, कृषि भूमि, फसल, पशुधन, सड़क व सार्वजनिक परिसम्पत्तियों का सटीक चिन्हांकन और सूचीकरण प्राथमिकता से किया जाए।
चिन्हांकन उपरान्त पात्र प्रभावितों को बिना विलम्ब राहत राशि वितरित की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से त्वरित गति से कार्य करें, ताकि प्रभावितों को हरसंभव सहयोग मिल सके।
जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा
आपदा की स्थिति में प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावितों को सुरक्षित रखना और समय पर सहायता पहुँचाना है। किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।