🔊
तीन सप्ताह गुजरने के बाद भी 108 सेवा पर कार्यरत लापता युवक नहीं मिला, परिजन ने शासन-प्रशासन से लगाई गुहार
केशर सिंह नेगी चमोली थराली
स्वास्थ्य विभाग की देवाल स्थित 108 सेवा में तैनात फार्मेसिस्ट गौरव कुमार, पुत्र श्री कुलदीप कुमार, ग्राम बग्वान, ग्राम सभा कनोठ, तहसील कर्णप्रयाग (चमोली) पिछले तीन सप्ताह से लापता है।
परिजनों का कहना है कि शासन-प्रशासन द्वारा अब तक इस मामले में कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से वे खुद को असहाय और बेसहारा महसूस कर रहे हैं।
गौरव कुमार 13 अगस्त 2025 को भयानक बारिश के बीच थराली से एक एक्सीडेंटल मरीज को लेकर 108 सेवा से कर्णप्रयाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आ रहे थे। रात्रि लगभग 10:00 बजे सिमली आटागाड़ पुल पर भारी बारिश और मलबा आने से जाम लग गया। इसी दौरान एक गाड़ी फंस गई जिसे निकालने में मदद के लिए गौरव कुमार 108 से उतरे और धक्का देने लगे। तभी पैर फिसलने से वे आटागाड़ नदी में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामवासी, एनडीआरएफ, पुलिस प्रशासन और 108 के कर्मचारी लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन नदी में तेज बहाव और पानी के अत्यधिक स्तर के कारण गौरव कुमार का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
गौरव कुमार अपने पीछे बूढ़े माता-पिता, एक बहन और 87 वर्षीय दादी को छोड़ गए हैं। परिजन बताते हैं कि पिता और माता दोनों हृदय रोगी हैं, दादी दवाइयों पर ही निर्भर हैं, और घर का एकमात्र सहारा गौरव ही थे। उनकी गुमशुदगी से पूरा परिवार पूरी तरह बेसहारा हो गया है।
ग्राम प्रधान पूनम देवी, एस.पी. सिमल्टी, हेमा देवी, मान सिंह, नंदी देवी, मंगत राम सहित कई ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि लापता फार्मेसिस्ट की तलाश के लिए और गहन प्रयास किए जाएँ ताकि परिवार को न्याय मिल सके।