🔊
ग्राम पंचायत दियूरी के बिलौना तोक में लधिया नदी से हो रहे भू-कटाव का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण भू-कटाव रोकने को जिलाधिकारी के निर्देश चैनलाइजेशन और नाले का वैज्ञानिक ट्रीटमेंट होगा
चंपावत
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार लगातार जनपद में भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
बुधवार को उन्होंने ग्राम पंचायत दियूरी के बिलौना तोक का स्थलीय निरीक्षण किया। नदी के तेज प्रवाह से हो रहे भू-कटाव का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी स्वयं ट्रॉली पार कर प्रभावित क्षेत्र में पहुँचे और प्रत्यक्ष रूप से स्थिति का आकलन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि लधिया नदी के तेज प्रवाह से लगातार भूमि का कटाव हो रहा है, जिससे खेती व घर खतरे की जद में आ गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी में आवश्यकतानुसार चैनलाइजेशन कर भू-कटाव को रोका जाए। नाले का वैज्ञानिक ट्रीटमेंट कराया जाए। राजस्व, कृषि एवं सम्बन्धित विभाग संयुक्त रूप से सर्वेक्षण कर किसानों को हुए नुकसान का आकलन करें और प्रभावितों को त्वरित मुआवजा उपलब्ध कराएँ। जहाँ आवश्यकता हो, प्रभावित परिवारों का सुरक्षित स्थान पर विस्थापन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भू-कटाव जैसी आपदा प्रभावित स्थिति में त्वरित कार्यवाही अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि राहत और सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ हर संभव मदद करेगा। भू-कटाव को रोकने के लिए अल्पकालिक व दीर्घकालिक कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपती, उपजिलाधिकारी श्री अनुराग आर्या, सिंचाई, कृषि, उद्यान, राजस्व सहित अन्य विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।