🔊
भारी वर्षा के बीच 95 वर्षीय वृद्धा के घर तक पहुँची स्वास्थ्य सेवा
चम्पावत,
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएँ भी प्रभावित क्षेत्रों तक पहुँचाई जा रही हैं। लोहाघाट विकासखंड के इराकोट में कार्यरत फार्मासिस्ट श्री सुरेश जोशी ने वर्षा बाधाओं के बावजूद कोयाटी गाँव पहुँचकर 95 वर्षीय श्रीमती रेवती देवी का प्राथमिक उपचार किया। वृद्धा पेट दर्द से पीड़ित थीं, जिन्हें दवाइयाँ दी गईं और इंजेक्शन लगाया गया। वर्तमान में उनकी स्थिति सामान्य है और स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
चम्पावत की अनामिका बिष्ट और दीपा पांडे को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
चम्पावत,
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग उत्तराखण्ड द्वारा घोषित राज्य स्तरीय पुरस्कारों में चम्पावत जिले से दो प्रतिभाओं का चयन हुआ है।
कराटे में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए अनामिका बिष्ट को राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार-2024-25 और आंगनबाड़ी केंद्र शक्तिपुरबुंगा में 19 वर्षों से कार्यरत श्रीमती दीपा पांडे को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार-2024-25 से सम्मानित किया जाएगा।
दोनों प्रतिभाओं को 04 सितम्बर 2025 को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
कठिन परिस्थितियों में निभाई जिम्मेदारी, पार्थिव शरीर सुरक्षित पहुँचा मूल ग्राम
चम्पावत,
सीमान्त तल्लादेश के ग्राम खटगिरी निवासी 65 वर्षीय श्री संतोष सिंह का निधन 01 सितम्बर को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुआ। भारी वर्षा से मार्ग बाधित होने के कारण शव को गाँव तक ले जाने में कठिनाई हुई, किंतु प्रशासन के सहयोग से ग्रामीणों ने पगडंडी से पार्थिव शरीर को सुरक्षित मूल ग्राम पहुँचाया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी श्री अशोक अधिकारी गाँव पहुँचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएँ प्रकट कीं। उन्होंने अवगत कराया कि पीएमजीएसवाई के अंतर्गत क्षेत्र की सड़क का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और निर्माण कार्य गतिमान है।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों व राहत शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय पहल
चंपावत
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की विशेष पहल जारी है।
उप जिला चिकित्सालय टनकपुर के चिकित्साधीक्षक डॉ. जी. एस. तिवारी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम ने आनंदपुर, हेलागोठ और राहत शिविर राजकीय महाविद्यालय बनबसा में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए। खांसी व बुखार से पीड़ित लोगों को दवाइयाँ दी गईं।
इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री देवेश चौहान के निर्देशन में पीएचसी बनबसा व 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम ने बेलबंदगोठ (निकट शारदा बैराज) में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर प्रभावित लोगों को चिकित्सा सुविधा दी।