🔊
भारी वर्षा का असर : जनपद में तीसरे दिन भी विद्यालय बंद, जिलाधिकारी व एसपी हेलीकॉप्टर से टनकपुर रवाना
चम्पावत। जनपद में लगातार हो रही मूसलधार वर्षा से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से बुधवार, 03 सितम्बर 2025 को कक्षा 01 से 12 तक संचालित सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों को पूर्णतः बंद रखने का आदेश जारी किया है।
इधर, भारी वर्षा के चलते सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में हालात गंभीर बने हुए हैं। यहां मची तबाही को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अजय गणपति मंगलवार को हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी के लिए रवाना हुए, जहां से वे सड़क मार्ग द्वारा टनकपुर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान अपने हाथों में लेंगे।
टनकपुर-चम्पावत राजमार्ग बंद होने के कारण अब तक जिलाधिकारी चम्पावत मुख्यालय से ही राहत व बचाव कार्यों की मॉनीटरिंग कर रहे थे, लेकिन हालात की गंभीरता को देखते हुए अब दोनों अधिकारी मौके पर डटे रहकर युद्ध स्तर पर बचाव कार्य संचालित करेंगे।