🔊
ग्राउंड जीरो पर जिलाधिकारी, बीमार महिला व व्यक्ति को अस्पताल पहुँचाया
चंपावत
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संभाला मोर्चा, आपदा पीड़ितों की मदद हेतु तत्पर
लगातार भारी वर्षा से प्रभावित जनपद चम्पावत में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने पुनाबे, सिप्टी, लफड़ा एवं पाली-अमोड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान क्वैराला नदी पार करते समय ग्राम अमोड़ी निवासी श्रीमती पिरुली देवी (पत्नी श्री उमापति थ्वाल) एवं ग्राम बडोली निवासी श्री लीलाधर थ्वाल (पुत्र श्री लोकमणि थ्वाल) अचानक नदी के तेज बहाव में फंस गए।
स्थिति की गंभीरता देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित निर्णय लेते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल वाहन की व्यवस्था कर घायल महिला व पुरुष को जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुँचाया।
दोनों को प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सालय में भर्ती किया गया है और उनका उपचार जारी है।
अतिवृष्टि की परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं ग्राउंड जीरो पर उपस्थित रहकर आपदा प्रबंधन कार्यों को गति दें और प्रत्येक पीड़ित परिवार तक हर संभव मदद पहुँचाएं।
साथ ही जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन एवं आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करें।