🔊
पांच दिन से सोल घाटी की सड़क बंद, खाद्यान्न संकट गहराया ग्रामीणों को हो रही भारी दिक्कत
चमोली थराली की सोल घाटी में पिछले पांच दिनों से सड़क बंद रहने के कारण खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं का संकट गहरा गया है। क्षेत्र के करीब 16 गांवों में नमक, तेल, मसाले, चीनी और चायपत्ती जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं खत्म होने लगी हैं। ग्रामीण अब सरकारी राशन पर ही निर्भर हैं।
22 अगस्त को हुई भारी अतिवृष्टि से थराली-डूंगरी मोटर मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जगह-जगह मलबा आने से सड़क बंद है और गांवों तक सप्लाई ठप हो गई है। इससे मैन, केरा डूंगरी, रुईसाण, बूगा, गेरुड़, कोलपुड़ी, बुरसोल, रतगांव, रणकोट, गुमड आदि गांव प्रभावित हैं।
सोल समिति के अध्यक्ष चरण सिंह रावत, गेरुड़ की रुक्मणी देवी, बूंगा के हरपाल फरस्वाण, रूईसाण के रणजीत रौथाण और रतगांव के पूर्व प्रधान महिपाल फरस्वाण ने बताया कि सड़क बंद होने से गर्भवती महिलाओं और बीमारों को अस्पताल तक पहुंचने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं नंदा देवी लोकजात में देवी दर्शन के लिए आए यात्री भी घाटी में ही फंस गए हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता देवी ने बताया कि सिर्फ खाद्यान्न ही नहीं बल्कि पेयजल और विद्युत व्यवस्था भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। मोबाइल फोन चार्ज न होने से लोग अपने परिजनों से संपर्क तक नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क को तत्काल खोलने की मांग की है, अन्यथा हालात और गंभीर हो सकते हैं।