🔊
नैतिकता, सुशासन व नेतृत्व क्षमता विकास पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
चंपावत। ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत बाराकोट विकास खंड के चार आजीविका संघों एवं किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से चयनित संचालकों एवं स्टाफ का नैतिकता, सुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकास विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 से 30 अगस्त तक लडीधुरा सीएलएफ कार्यालय, बाराकोट में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में मास्टर ट्रेनर प्रकाश चंद्र पाठक एवं हरीश नाथ ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उद्देश्यों से अवगत कराया। इस दौरान कृषक उत्पादक संघ व स्वायत्त सहकारिता की अवधारणा, मूल्य, सिद्धांत, पंजीकरण एवं गठन प्रक्रिया, सहकारिता व कंपनी एक्ट की विशेषताएँ, कार्यप्रणाली और संचालन प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई।
द्वितीय दिवस में एफपीओ के घटक, कंपनी एवं सहकारिता एक्ट के संदर्भ में कार्य और जिम्मेदारियां, नियमावली, सदस्यों की भूमिका तथा दस्तावेजीकरण प्रक्रिया पर चर्चा हुई। तृतीय दिवस में सहकारिता में सक्रिय सदस्य का महत्व, पूंजी एवं शासन व्यवस्था, सुशासन, आम सभा का संचालन, निदेशकों एवं उप-समितियों के चयन/चुनाव की प्रक्रिया, ऑडिट तथा लाभांश वितरण आदि विषयों पर स्लाइड शो, प्रजेंटेशन और समूह चर्चा आयोजित की गई। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षण उपरांत संचालक मंडल के सदस्यों ने अपनी-अपनी सहकारिता की वर्तमान स्थिति पर समूह चर्चा कर बेहतर सुशासन के साथ संघ संचालन हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रशिक्षण में बाराकोट विकास खंड की लडीधुरा, रेगडु, रैघांव व बापरु स्वायत्त सहकारिता के चयनित संचालक व स्टाफ तथा बालेश्वर एफपीओ की सचिव सहित कुल 28 सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक प्रबंधक सुमित कुमार, ब्लॉक एम.एंड ई. मनीषा एवं समन्वयक उमाशंकर जोशी ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
फोटो प्रशिक्षण में उपस्थित प्रतिभागी