🔊
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने थराली में आपदा प्रबंधन बैठक ली, प्रभावितों को हरसंभव सहायता का आश्वासन
चमोली राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शनिवार को थराली तहसील सभागार में आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सक्षम अधिकारी मौके पर पहुँचकर हालात का मुआयना करें और तुरंत निर्णय लें, ताकि समय की बर्बादी न हो।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि अधिकारी 24 घंटे अपना फोन खुला रखें और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संपन्न करें। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि आपदा कार्यों के लिए एक कमेटी का गठन किया जाए, जो स्थल निरीक्षण कर मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।
बैठक के उपरांत सांसद भट्ट ने चेपड़ो क्षेत्र का भ्रमण कर आपदा प्रभावित परिवारों से भेंट की। उन्होंने प्रभावितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट, तहसीलदार अक्षय पंकज सहित प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।