🔊
चंपावत में अंचला बोहरा, पाटी में शंकर अधिकारी एवं बाराकोट में सीमा आर्या ने ली ब्लॉक प्रमुख की शपथ
चंपावत। जिले के तीन ब्लॉकों में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को संपन्न हुआ। चंपावत, पाटी और बाराकोट में ब्लॉक प्रमुखों के साथ ही ज्येष्ठ, कनिष्ठ प्रमुखों एवं बीडीसी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
चंपावत ब्लॉक में एसडीएम सदर अनुराग आर्या ने ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा समेत सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि “चंपावत ब्लॉक में विकास का पहिया ट्रिपल इंजन से चलेगा। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, प्रांतीय प्रवक्ता सुरेश जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीओ डॉ. खाती ने की तथा संचालन डॉ. बी.सी. जोशी ने किया।
उधर पाटी ब्लॉक में जिला विकास अधिकारी डीएस दिगारी ने ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी को शपथ दिलाई। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि ब्लॉक में विकास कार्यों को प्राथमिकता और तेजी के साथ पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन वीडियो अवनीश उपाध्याय ने किया।
वहीं बाराकोट ब्लॉक में उप परियोजना निदेशक विम्मी जोशी ने ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या समेत सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी। हालांकि, बीडीसी सदस्य कमला भट्ट ने शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रण न मिलने पर नाराज़गी व्यक्त की।
फोटो चंपावत में एसडीएम सदर अंचला बोहरा समेत अन्य नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाते हुए।