🔊
चंपावत ने बीस सूत्री कार्यक्रम में प्रदेश में किया शीर्ष स्थान हासिल दो माह में 9वें स्थान से पहुँचकर जुलाई में प्रथम पायदान पर पहुँचा जनपद
चम्पावत
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व एवं सतत निगरानी के फलस्वरूप जनपद चंपावत ने बीस सूत्री कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत चंपावत ने मई माह में 9वाँ स्थान, जून माह में 4था स्थान तथा जुलाई माह में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अर्थ एवं संख्या निदेशालय, नियोजन विभाग, उत्तराखंड शासन द्वारा जारी जुलाई माह के क्रमिक प्रतिवेदन के अनुसार जनपद चंपावत को कुल 41 रैंकिंग मदों में से—
26 मदों में श्रेणी ‘A’ (100 प्रतिशत उपलब्धि),
6 मदों में श्रेणी ‘B’ (80% से अधिक),
4 मदों में श्रेणी ‘C’,
5 मदों में श्रेणी ‘D’ प्राप्त हुई।
जनपद को कुल 126 अंकों में से 91 अंक प्राप्त हुए, जो 72.22 प्रतिशत उपलब्धि दर्शाता है। जबकि 70.83 प्रतिशत के साथ जनपद बागेश्वर द्वितीय तथा 68.99 प्रतिशत के साथ जनपद उधम सिंह नगर तृतीय स्थान पर रहा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि के लिए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि “यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विभाग यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक ससमय पहुँचे।”
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों की योजनाओं के मासिक अनुश्रवण एवं कार्यान्वयन का आकलन किया जाता है, जिसके आधार पर राज्य स्तर पर विस्तृत प्रतिवेदन जारी किया जाता है।