🔊
क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ब्लॉक प्रमुख को 29 अगस्त को शपथजिला पंचायत अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह होगा ऐतिहासिक
चंपावत। जनपद के चारों ब्लॉकों में 29 अगस्त को सुबह 11 बजे नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुखों को विधिवत शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए चंपावत, लोहाघाट, पाटी एवं बाराकोट ब्लॉकों में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
प्रशासन ने इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को नामित कर दिया है। चंपावत में एसडीएम सदर अनुराग आर्य, लोहाघाट में एसडीएम नितेश डांगर, पाटी में जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी तथा बाराकोट में परियोजना निदेशक विम्मी जोशी शपथ दिलाएंगे।
चारों ब्लॉकों के ब्लॉक प्रमुखोंचंपावत की अंचला बोहरा, लोहाघाट के महेंद्र सिंह ढेक, और बाराकोट की सीमा आर्या ने शपथ ग्रहण समारोह के गवाह बनने के लिए अपने सहयोगियों व क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
उधर, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष समेत सभी जिला पंचायत सदस्यों को एक सितंबर को जिलाधिकारी द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, 30 अगस्त को चारों ब्लॉकों में बीडीसी की पहली बैठक आयोजित होगी, जबकि 2 सितंबर को जिला पंचायत की पहली बैठक होगी, जिसमें सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे।
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में समाज के हर वर्ग को आमंत्रित किया है। उनका कहना है कि मॉडल जिले के नियोजन में जिला पंचायत की भूमिका महत्वपूर्ण होगी, जिसके लिए अनुभवी लोगों से विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों से आशीर्वाद लेने और कार्यक्रम के गवाह बनने की अपील की है।
जिला पंचायत द्वारा इस समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
फोटो नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी