🔊
खबरदार! बिना हेलमेट और नो-पार्किंग वालों पर गड़े हैं पुलिस की ‘तीसरी आंख’
चंपावत। जिला मुख्यालय में अब ट्रैफिक नियम तोड़ना भारी पड़ेगा। यदि आप बिना हेलमेट के बाइक चला रहे हैं, उस पर तीन सवारियां बैठा रहे हैं या फिर नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा कर रहे हैं, तो पुलिस की "तीसरी आंख" यानी सीसीटीवी कैमरे आपकी हर हरकत पर नजर रखे हुए हैं। ऐसे वाहन चालकों का चालान सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से ही काटा जा रहा है।
दरअसल, चंपावत पुलिस ने देहरादून की तर्ज पर “साइटेशन चालान” व्यवस्था लागू कर दी है। यानी नियम तोड़ा और चालान सीधे आपके पते पर। जब तक नोटिस हाथ में नहीं पहुंचेगा, तब तक आपको भनक तक नहीं लगेगी।
एसपी अजय गणपति ने बताया कि पूरे नगर को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित कर दिया गया है। अब तीन सवारियां ले जाने वालों और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों की भी खैर नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि अब तक कोई यातायात नियमों की अनदेखी करता आया है, तो तुरंत अपनी आदत बदल ले। नियमों का पालन खुद करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
फोटो – एसपी अजय गणपति