🔊
चमोली में 160 प्रधान और 874 ग्राम पंचायत सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली
केशर सिंह नेगी। चमोली। थराली
चमोली। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशों के क्रम में बुधवार को जनपद के विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद के 160 ग्राम प्रधानों और 874 ग्राम पंचायत सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चमोली जनपद में कुल 615 ग्राम प्रधान पदों के सापेक्ष 609 पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई थी। इनमें से अब तक 167 ग्राम पंचायतें ही संगठित हो पाई हैं। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में 160 ग्राम पंचायत प्रधानों और 874 सदस्यों को शपथ दिलाई गई। जबकि अन्य 7 संगठित ग्राम पंचायतों के प्रधान कुछ कारणों से शपथ नहीं ले सके। उनके लिए शीघ्र ही अलग से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शपथ लेने वाले ग्राम प्रधानों में दशोली ब्लॉक के 20, ज्योतिर्मठ के 7, पोखरी के 16, नंदानगर के 4, कर्णप्रयाग के 23, गैरसैंण के 29, नारायणबगड़ के 30, थराली के 19 और देवाल ब्लॉक के 12 प्रधान शामिल रहे।