🔊
बर्ड फ्लू (H5N1) संक्रमण की रोकथाम चम्पावत में सतर्कता जारी 25 अगस्त से मुर्गियों अंडों के आगमन पर एक सप्ताह की रोक
चम्पावत,
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद चम्पावत में एच-5 एन-1 एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) संक्रमण से बचाव हेतु सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित खतरे को देखते हुए कुक्कुट प्रजाति के पक्षियों की सुरक्षा एवं संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) के सभी प्रवेश द्वारों पर मुर्गियों, अंडों और फीड के आगमन पर रोक लगा दी गई है।
अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा ने जानकारी दी कि आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के अंतर्गत यह प्रतिबंध 25 अगस्त से एक सप्ताह तक लागू रहेगा। इस दौरान किसी भी वाहन के माध्यम से मुर्गियों एवं अंडों का परिवहन जनपद की सीमाओं से अंदर नहीं हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि जनपद की सीमाओं पर लगातार कड़ी चौकसी बरती जा रही है। पशुपालन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें सतर्क निगरानी कर रही हैं। साथ ही, पशुपालन, जिला पंचायत व अन्य विभागीय टीमों द्वारा मांस की दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संभावित संक्रमण की रोकथाम के लिए नियमित रूप से सैंपलिंग और टेस्टिंग प्रक्रिया भी की जा रही है।