🔊
क्षेत्र में भूस्खलन एक युवक की मौत, SDRF व प्रशासन की तत्परता से बची दूसरी जान
चम्पावत।
लोहाघाट ब्लॉक के पंचेश्वर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिविल के पंथयूड़ा में मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे अचानक भूस्खलन की चपेट में आए दो युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा सकुशल बचा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। SDRF, चिकित्सा विभाग, राजस्व विभाग, ग्राम विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुँच गई।
SDRF व ग्रामीणों के सहयोग से दोनों युवकों को मलबे से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान लक्ष्मण चन्द (18 वर्ष), पुत्र प्रकाश चन्द, निवासी रोतगढ़ (पिथौरागढ़) के रूप में हुई।
घायल हरीश चन्द (27 वर्ष) पुत्र नारायण चन्द, निवासी रोतगढ़ सुरक्षित हैं।
मौके पर मौजूद अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने राहत कार्यों की निगरानी की, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान के नेतृत्व में चिकित्सकीय दल ने तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण किया। लक्ष्मण चन्द को मृत घोषित किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने किमतोली में हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की थी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया जा सके।
जिला प्रशासन ने मृतक के परिजनों को तत्काल ₹4 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक गृह जनपद पिथौरागढ़ तक वाहन द्वारा भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की।
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान उपजिलाधिकारी नीतू डांगर, पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह राणा, तहसीलदार जगदीश नेगी, खंड विकास अधिकारी कवीन्द्र सिंह रावत, अधिशासी अभियंता हितेश काण्डपाल सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।