🔊
दरारों और भूस्खलन स्थलों पर तकनीकी टीम करेगी जांच, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील
केशर सिंह नेगी चमोली थराली में आपदा का कहर जिलाधिकारी और एसपी ने संभाला मोर्चा
थराली क्षेत्र में आपदा के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने संयुक्त रूप से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने राडीबगड़ और कोटदीप अस्पताल मोहल्ला क्षेत्र का दौरा किया। यहां पहाड़ में दरारें आने और चट्टानों के लटके रहने की स्थिति को देखकर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। जिलाधिकारी ने कहा कि इन परिस्थितियों में तकनीकी राय बेहद आवश्यक है। इसके लिए सिंचाई विभाग, भूवैज्ञानिकों, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग की टीम को संयुक्त निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सड़क और मकान खतरे में
जिलाधिकारी ने थराली–डूंगरी पक्की सड़क पर आई दरारों का निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों का भी जायजा लेते हुए तहसील स्तर के अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि आपदा के चलते उन्हें पानी और बिजली की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को जल संस्थान के जेई के साथ समन्वय कर तत्काल जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
खतरे की जद में बस्ती
जिलाधिकारी ने ऊपर पहाड़ी पर लटके बड़े पत्थरों की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने नीचे मकानों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों अथवा राहत केंद्रों में शिफ्ट होने की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि बारिश की स्थिति में पुलिस प्रशासन मौके पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दे, ताकि किसी अप्रिय हादसे से बचा जा सके।
अस्पताल का भी किया दौरा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने थराली अस्पताल का भी भ्रमण किया और चिकित्सकों को आपदा की स्थिति में तत्परता और सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण में रहे अधिकारी
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, मुख्य चिकित्साधिकारी अभिषेक गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।