🔊
राजकीय विद्यालयों में छात्रों की पढ़ाई ठप शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
लोहाघाट किमतोली
राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली के पी.टी.ए. अध्यक्ष माधव सिंह अधिकारी ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों की पठन-पाठन व्यवस्था ठप होने पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 18 अगस्त 2025 से राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। आंदोलन के चलते विद्यालयों में शिक्षण कार्य पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे न केवल बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
माधव सिंह अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में पढ़ने वाले अधिकतर छात्र गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं, जिनके लिए विद्यालय ही शिक्षा का एकमात्र माध्यम है। लेकिन शिक्षकों की हड़ताल से विद्यार्थियों की पढ़ाई रुक गई है, जो उनकी प्रगति के लिए बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि शिक्षक संगठनों की संवैधानिक मांगों का जल्द समाधान निकाला जाए और विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को तत्काल बहाल किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि स्थिति शीघ्र नहीं सुधरी तो विद्यार्थियों के शिक्षा स्तर और भविष्य दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।