🔊
आपदा से सड़क बाधित, पैदल चलकर चेपड़ो पहुंचे कांग्रेस नेता
चमोली। थराली
शुक्रवार रात हुई मूसलधार बारिश से थराली ब्लॉक के चेपड़ो गांव में भारी तबाही मची। सड़कें टूट जाने के कारण गांव का संपर्क कट गया। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला 6 किलोमीटर पैदल चलकर आपदा प्रभावित चेपड़ो पहुंचे और पीड़ितों का हाल जाना।
गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक भूपाल राम टम्टा थराली में मौजूद होने के बावजूद अब तक आपदा पीड़ितों के बीच नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
कांग्रेस नेताओं के पहुंचने से पहले पुलिस ने उन्हें नारायणबगड़, ग्वालदम और देवाल तिराहे पर रोकने की कोशिश की, लेकिन बाद में सीएम के काफिले के लौटने पर उन्हें आगे जाने दिया गया।
चेपड़ो पहुंचकर नेताओं ने तबाही के हालात का जायजा लिया और प्रभावितों से बातचीत की। इस दौरान लखपत बुटोला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा—
भाजपा नेताओं के लिए जनता सिर्फ वोट बैंक है। आपदा के दो दिन बाद भी हालात जस के तस हैं, लेकिन विधायक ने सुध तक नहीं ली।
गणेश गोदियाल ने भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा
वोट मांगने के लिए भाजपा नेता कई किलोमीटर पैदल चल लेते हैं, लेकिन आपदा पीड़ितों के बीच जाने का उनके पास समय नहीं है।
इसी दौरान नाराज ग्रामीणों ने थराली में मुख्यमंत्री के काफिले को रोककर अपना आक्रोश भी जताया।