🔊
शहीद नंदन सिंह की तीसरी शहादत वर्षगांठ पर भावपूर्ण स्मरण, आईटीबीपी अधिकारियों ने किया परिजनों का सम्मान
चम्पावत। बाराही धाम, देवीधुरा में आईटीबीपी के वीर जवान नंदन सिंह की तीसरी शहादत वर्षगांठ पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने शहीद को नमन करते हुए उनके नाम के जयकारे लगाए।
आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी की ओर से कमांडेंट संजय कुमार, सहायक सेनानी प्रिंस दत्ता, सहायक सेनानी अंकुर, एएसआई गुलाब सिंह सहित हिमवीरों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर सलामी दी।
समारोह में आचार्य कीर्ति शास्त्री, जीआईसी की प्रधानाचार्या भावना आर्या, पीएलबी केसर सिंह फर्त्याल, रिटायर्ड दारोगा नर राम, बीडीसी सदस्य प्रकाश मेहरा, ग्राम प्रधान तारा सिंह चम्याल, नवीन रावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शहीद की संगमरमर की प्रतिमा स्थापना एवं आगामी वर्ष से स्मृति मेला आयोजन की मांग रखी।
इस अवसर पर शहीद के पिता लाल सिंह चम्याल, माता कलावती देवी, वीरांगना निर्मला चम्याल, पुत्र पवन चम्याल, अनुज त्रिभुवन चम्याल सहित पूरे परिवार का आईटीबीपी अधिकारियों व जवानों ने सम्मान किया।
वक्ताओं ने कहा कि मृत्यु जीवन का शाश्वत सत्य है, लेकिन राष्ट्र के लिए प्राण अर्पण करने वाले शहीद सदैव अमर रहते हैं। उल्लेखनीय है कि शहीद नंदन के पुत्र चेतन ने भी अपने पिता के सपनों को साकार करने हेतु दो वर्ष पूर्व आईटीबीपी में भर्ती होकर सेवा आरंभ की थी।
फोटो : देवीधुरा में शहीद नंदन सिंह की तीसरी शहादत वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि अर्पित करते लोग।