🔊
20 लाख की लागत से टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम छात्रावास का उच्चीकरण, खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएँ
चम्पावत। राज्य सरकार मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम छात्रावास का 20 लाख रुपये की लागत से उच्चीकरण कार्य जिला खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से किया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों पर उपजिलाधिकारी टनकपुर श्री आकाश जोशी की अध्यक्षता में चल रहे निर्माण कार्यों का तकनीकी सत्यापन किया गया। परियोजना की पहली किश्त के रूप में 15 लाख रुपये (कुल लागत का 75 प्रतिशत) लोक निर्माण विभाग (PWD) चंपावत को आवंटित किए गए थे।
उच्चीकरण कार्यों में बॉक्सिंग छात्रावास की रंगाई-पुताई, मैनहोल कवर स्लैब, टाइल वर्क, नए रेन वाटर पाइप, वार्डन कार्यालय सहित खिलाड़ियों के लिए अन्य आवश्यक निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं। इससे छात्रावास में रहने वाले खिलाड़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित आवास, बेहतर बाथरूम-शौचालय, आरामदायक कमरे और प्रशासनिक सुविधा मिल सकेगी।
निरीक्षण के बाद उपजिलाधिकारी ने कहा कि उच्चीकरण कार्य से खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण व प्रशिक्षण सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को और अधिक निखारने में मदद होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंदन बिष्ट, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता श्री लक्ष्मण सिंह तथा अवर अभियंता सुश्री तनुजा देव समिति के साथ उपस्थित रहे।