🔊
गैरसैंण सत्र में हंगामे को लेकर चंपावत में कांग्रेस का पुतला दहन
चंपावत। गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान आपदा जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा होने की बजाय कांग्रेस नेताओं द्वारा हंगामा कर संसदीय परंपराओं को ठेस पहुँचाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर के स्टेशन बाजार में कांग्रेस का पुतला दहन किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विधानसभा की कार्यवाही के हर घंटे में शासन का लाखों रुपये खर्च होता है। ऐसे मंच पर जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चिंतन-मनन होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने हंगामा कर राज्य की प्रकृति और संस्कृति दोनों को शर्मसार किया है।
मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा के संचालन में वक्ताओं का कहना था कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास की ऊँचाइयाँ छू रहा है। राज्यवासियों का जीवन सुविधाजनक होता जा रहा है और सरकार जनअपेक्षाओं पर खरी उतर रही है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। इसी कारण विपक्ष मर्यादा तोड़कर अशोभनीय आचरण कर रहा है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस का पुतला जलाकर कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। इस मौके पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, निर्मल मेहरा, बिट्टू साह, नंदन तड़ागी, सूरज प्रहरी, प्रकाश बिनवाल, सुंदर बोहरा, प्रकाश पांडे, राजू बिष्ट, पारस महर, अजय नरियाल, ललित भट्ट, नवीन तड़ागी, अजय प्रहरी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चंपावत के स्टेशन बाजार में कांग्रेस का पुतला फूंक कर आक्रोश जताते भाजपा कार्यकर्ता।