🔊
पहली बार मायावती में लंदन से डॉक्टरों की टीम – निःशुल्क करेंगे बड़े ऑपरेशन, शुरू हुआ पंजीकरण
लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में इस बार चिकित्सा सेवा का अभूतपूर्व अध्याय लिखा जाने वाला है। अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज की प्रेरणा से 4 से 10 सितंबर तक यहां एक ऐसा सर्जिकल शिविर आयोजित हो रहा है, जिसमें लंदन से आए आधा दर्जन डॉक्टर निःशुल्क जटिल ऑपरेशन करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सर्जन एवं लेप्रोस्कोपिक विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा सिंह के नेतृत्व में आ रही इस टीम में डॉ. असलियर डेविड, डॉ. एल. डेविड, डॉ. जिम कॉपर, डॉ. उर्मिला और डॉ. कौशिक शामिल हैं। यह सभी विशेषज्ञ चिकित्सक विदेश में इतने व्यस्त रहते हैं कि उन्हें शायद ही कहीं जाने का समय मिलता है, लेकिन स्वामी विवेकानंद की जनकल्याण की अवधारणा को साकार करने के लिए वे मायावती पहुँच रहे हैं।
स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज ने कहा कि “गरीबों और वंचितों को नया जीवन देने वाला यह शिविर वास्तव में वरदान साबित होगा। लोगों को चाहिए कि वे इसका लाभ उठाएँ।”
इससे पहले यहां 3 से 10 सितंबर तक हड्डी, जोड़, गठिया, सामान्य रोग और दंत चिकित्सा शिविर भी आयोजित हो रहा है। इसके लिए महाराष्ट्र से डॉ. सुनील गोडबोले और डॉ. स्नेहा गोडबोले विशेष रूप से आ रहे हैं।
धर्मार्थ चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और ऑपरेशन के लिए अत्याधुनिक मशीनों की व्यवस्था की गई है। ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को पूर्व पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा, जिसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।