🔊
बर्ड फ्लू रोकथाम को लेकर जिला अधिकारी ने कलेक्ट्रेक में की समीक्षा बैठक
चम्पावत बर्ड फ्लू रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की समीक्षा बैठक
एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) की रोकथाम एवं नियंत्रण के मद्देनज़र जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की तैयारियों, रोकथाम उपायों एवं सतर्कता व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि अब तक जनपद चम्पावत में बर्ड फ्लू का कोई भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है। एहतियात के तौर पर जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। टनकपुर सीमा से मुर्गियों और अंडों का व्यापार अस्थायी रूप से रोक दिया गया है तथा जिले के बाहर से आयात पर एक सप्ताह तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि—
सभी पोल्ट्री फार्मों की नियमित जांच की जाए।
फार्मों में आवश्यक दवाओं एवं डिसइन्फेक्टेंट का छिड़काव कराया जाए।
पोल्ट्री संचालकों को रोकथाम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
यदि कहीं भी पक्षियों की असामान्य मृत्यु हो तो तत्काल रिपोर्ट कर नमूने जांच हेतु भेजे जाएँ।
उन्होंने संबंधित विभागों को सीमा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त गश्त और मंडियों-बाजारों में सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों, पोल्ट्री संचालकों व व्यापारियों से अपील की कि—
जिले के बाहर से मुर्गियाँ या अंडे न लाएँ।
स्वयं सतर्क रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
आमजन भी बिना आवश्यकता पक्षियों के संपर्क से बचें तथा स्वच्छता का पालन करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर पालिका अधिकारी, पुलिस विभाग एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।